प्रतापगढ़/लखनऊ, 07 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल एक घटना को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत कर सनातन आस्था को आहत करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि वक्फ से जुड़े मामलों पर पूरी तरह मौन हैं।
प्रतापगढ़ जिले के सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 384 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस हिंदुओं की आस्था से जुड़े मुद्दों पर राजनीति कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या के कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर जांच और कार्रवाई की जा रही है, लेकिन वक्फ के नाम पर प्रदेश में हजारों हेक्टेयर भूमि के कथित लेन-देन के मुद्दे पर विपक्ष के दोनों दलों ने कभी आवाज नहीं उठाई।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहता हूं कि अयोध्या में जिस कथित चोरी को लेकर आप हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं, वक्फ के नाम पर प्रदेश में हजारों हेक्टेयर जमीन बेची गई, क्या उस पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक बार भी बोली?”
उन्होंने कहा कि अयोध्या प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांच चल रही है और कानून अपना काम कर रहा है, लेकिन वक्फ के मामलों पर विपक्ष की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
सपा और कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस का राजनीतिक आचरण दोहरे मापदंडों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि जो दल पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, आज वही अयोध्या के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने, भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर प्रश्न उठाने, कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाने, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा के आयोजनों पर रोक लगाने तथा अवैध बूचड़खानों को संरक्षण देने वाली राजनीतिक सोच अब हिंदुओं की आस्था की बात कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घटनाओं को प्रदेश का जनमानस भूला नहीं है और जनता सब कुछ देख रही है।
“अब गिरगिट भी शर्माएगा”
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस के नेताओं का लगातार बदलता राजनीतिक रुख ऐसा है कि अब “गिरगिट भी उनसे शर्माएगा।”
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अब तो इन सपाइयों से और कांग्रेसियों से गिरगिट भी शरमा रहा होगा कि कम से कम एक नई प्रजाति आ गई है, जो हमसे ज्यादा तेजी से रंग बदलती है।”
राम मंदिर को लेकर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने कभी अयोध्या में बाबरी ढांचे को बनाए रखने की राजनीति की थी, उन्हें आज भव्य राम मंदिर स्वीकार नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देशवासियों के पुरुषार्थ और लंबे संघर्ष के परिणामस्वरूप आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर स्थापित हुआ है और यही विपक्ष की सबसे बड़ी पीड़ा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अयोध्या पूरी दुनिया के लिए आस्था, सांस्कृतिक विरासत और भारतीय सभ्यता का प्रतीक बन चुकी है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल अभी भी इसे राजनीतिक चश्मे से देखने का प्रयास कर रहे हैं।
विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
प्रतापगढ़ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 384 करोड़ रुपये लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर लगातार कार्य कर रही है तथा आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी सोच के साथ प्रत्येक जिले में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
