योगी कैबिनेट का दूसरा विस्तार आज, छह नए मंत्री लेंगे शपथ

लखनऊ, 10 मई। योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार पर लंबे समय से चल रही अटकलों पर रविवार को विराम लग जाएगा। दोपहर साढ़े तीन बजे जनभवन में आयोजित समारोह में छह नए मंत्री शपथ लेंगे। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक फिलहाल जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, पूजा पाल, सुरेंद्र दिलेर, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ नेताओं को दोपहर तीन बजे तक जनभवन पहुंचने की सूचना भी दी गई है।

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनभवन पहुंचकर आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की थी। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया था।

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस विस्तार में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों पर विशेष फोकस किया गया है। ब्राह्मण समाज को साधने के लिए सपा से अलग हुए वरिष्ठ नेता मनोज पांडेय को शामिल किए जाने की चर्चा है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और जाट समुदाय के प्रतिनिधित्व के लिहाज से भूपेंद्र चौधरी का नाम प्रमुख माना जा रहा है।

इसके अलावा ओबीसी, दलित और महिला प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के लिए पूजा पाल, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा जैसे नामों पर सहमति बनने की बात कही जा रही है।

हालांकि सरकार या संगठन की ओर से अब तक किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण के बाद कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी किया जा सकता है।

संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री समेत कुल 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान में योगी सरकार में मुख्यमंत्री सहित 54 मंत्री हैं, ऐसे में छह पद रिक्त थे, जिन्हें अब भरा जा रहा है।

इससे पहले योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला मंत्रिमंडल विस्तार मार्च 2024 में हुआ था। उस समय ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान, अनिल कुमार और सुनील शर्मा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *