अवध व मध्य क्षेत्र की बड़ी ज़िम्मेदारी राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा को सौंपी गई
दिल्ली। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने शहरी क्षेत्रों में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में नगरीय निकाय संगठन की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने की, जिसमें शहरी संगठन की मजबूती को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में नगरीय निकाय समिति के सभी प्रभारी सदस्य मौजूद रहे। इसमें राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा, इंद्रजीत सिंह टीटू, जावेद सलीम और महेश जाटव शामिल रहे। बैठक के दौरान शहरी ढांचे को अधिक प्रभावी बनाने, जुझारू कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियां देने और पार्टी की जमीनी पकड़ को मजबूत करने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में उत्तर प्रदेश में शहरी संगठन को मजबूती देने के लिए कार्यक्षेत्र का बंटवारा भी किया गया। इसके तहत राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा को अवध और मध्य क्षेत्र में शहरी संगठन को सशक्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पूर्व विधायक नूर सलीम राणा को मुरादाबाद-सहारनपुर मंडल, इंद्रजीत सिंह को मेरठ मंडल, जावेद सलीम को पूर्वी क्षेत्र और महेश जाटव को आगरा मंडल का प्रभारी बनाया गया है।
सभी प्रभारी सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर जिला और नगर अध्यक्षों के साथ संगठन की समीक्षा करें। समीक्षा रिपोर्ट के साथ अपने व्यावहारिक अनुभव भी साझा करते हुए 15 दिनों के भीतर पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
पूरी नगरीय निकाय संगठन समिति के संयोजक राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने कहा कि यह बैठक बेहद सार्थक और प्रभावी रही। इससे पार्टी का जमीनी संगठन मजबूत होगा और जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उनमें भी नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में रालोद शहरी क्षेत्रों में एक मजबूत और सक्रिय संगठन खड़ा करने में सफल होगी।
