पूर्वांचल को मिली नई रेल सौगात, मऊ से दिल्ली और वाराणसी के लिए बढ़ी कनेक्टिविटी

लखनऊ, 19 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के प्रयासों से पूर्वांचल के लोगों को नई रेल सेवाओं की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। मऊ रेलवे स्टेशन से नई रेल सुविधाओं के विस्तार का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय रेल प्रधानमंत्री के विकसित भारत संकल्प को नई गति देने का कार्य कर रही है।

नई रेल सुविधाओं के तहत दोहरीघाट-वाराणसी मेमू सेवा का संचालन शुरू किया गया है। इसके साथ ही मऊ-आनंद विहार (दिल्ली) ट्रेन तथा छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन अब मऊ मार्ग से किया जाएगा। इससे पूर्वांचल के लाखों यात्रियों को राजधानी दिल्ली और वाराणसी से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा तथा यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।

इस अवसर पर ए.के. शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्वांचल की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को गंभीरता से लिया और उन्हें पूरा करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भारतीय रेल आज देश की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ इंजन बनकर उभरी है। रेल का प्रत्येक इंजन विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भारतीय रेल नई ऊर्जा और नई गति के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि रेल सुविधाओं का विस्तार केवल नई ट्रेनों का संचालन भर नहीं है, बल्कि यह पूर्वांचल के व्यापार, रोजगार, शिक्षा और पर्यटन को भी नई गति देगा। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के लोगों को बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन छपरा में हुआ, जहां केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सम्राट चौधरी मौजूद रहे। वहीं ए.के. शर्मा मऊ रेलवे स्टेशन से ऑनलाइन माध्यम के जरिए कार्यक्रम से जुड़े और नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *