गुरुग्राम/चंडीगढ़, 10 मई। संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद रविवार को गुरुग्राम सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें सात दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत से 10 दिन की रिमांड मांगी थी।
अरोड़ा को शनिवार सुबह धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत चल रहे मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी से पहले ईडी की टीम करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ उनके सेक्टर-दो स्थित आवास पर पहुंची थी। पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है जब ईडी ने उनसे जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की है।
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी को संजीव अरोड़ा से जुड़ी कुछ कंपनियों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। इनमें करीब 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री, शेल कंपनियों के जरिए कथित फर्जी निर्यात और विदेशी संस्थाओं के माध्यम से धन की ‘राउंड ट्रिपिंग’ शामिल है। ईडी को संदेह है कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के नियमों का उल्लंघन किया गया है।
जांच के दौरान एजेंसी ने कई बैंक खातों को अटैच किया है, जबकि इस नेटवर्क से जुड़े डीमैट खाते और म्यूचुअल फंड निवेश भी फ्रीज कर दिए गए हैं।
इस कार्रवाई को लेकर भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि एक साल में तीसरी और एक महीने में दूसरी बार ईडी की कार्रवाई हुई है, लेकिन अब तक कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, जो किसी दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है।
संगरूर में पत्रकारों से बातचीत में भगवंत मान ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ईडी छापों, धमकियों और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नफरत की राजनीति सफल नहीं होगी।
वहीं अरविंद केजरीवाल ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद पंजाब में लगातार ईडी की रेड करवाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
इससे पहले वीरवार को ईडी ने मोहाली और चंडीगढ़ में करीब 12 स्थानों पर छापेमारी की थी। इनमें मोहाली के छज्जू माजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आईटी कारोबारी नितिन के फ्लैट पर भी कार्रवाई शामिल थी। नितिन को मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों का करीबी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
