यूपी के 2.17 करोड़ किसानों के खाते में आज पहुंचेगी पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त

केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में उपलब्ध कराई जाती है। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है।

उत्तर प्रदेश इस योजना का सबसे बड़ा लाभार्थी राज्य है। अब तक योजना की 22 किस्तों के माध्यम से प्रदेश के किसानों को कुल 99,032.58 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। 23वीं किस्त जारी होने के बाद प्रदेश के लाखों किसान आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ किया था। इसके बाद से यह योजना देश के करोड़ों किसानों के लिए आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बनी हुई है। इससे पहले मार्च 2026 में असम से योजना की 22वीं किस्त जारी की गई थी।

प्रधानमंत्री द्वारा 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी में किसानों के बीच मौजूद रहेंगे। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसानों को संबोधित करेंगे और विभिन्न कृषि विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री यूपी एग्रीज परियोजना के खरीफ संस्करण का भी शुभारंभ करेंगे। सरकार का मानना है कि आधुनिक कृषि तकनीकों, बेहतर संसाधनों और प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि तथा कृषि उत्पादन को नई गति मिलेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *