तिरुवनंतपुरम, एक जनवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल के तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की पहली जीत को ऐतिहासिक बताते हुए प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक गठबंधनों वाम लोकतान्त्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतान्त्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर ‘नूरा-कुश्ती का खेल’ खेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब इस व्यवस्था का अंत होने जा रहा है।
मोदी ने महापौर वी. वी. राजेश और उपमहापौर जी. एस. आशा नाथ को शपथ ग्रहण पर बधाई देते हुए पत्र में लिखा कि भाजपा की जीत दर्शाती है कि केरल के लोग, विशेषकर युवा और महिलाएं, नए सूर्योदय के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जनता के लिए भ्रष्टाचार रहित, तुष्टीकरण रहित और बहिष्कार रहित शासन का विकल्प प्रस्तुत कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ दशकों से केरल में शासन कर रहे हैं, लेकिन उनके अधूरे वादे और खराब प्रशासन ने जनता को निराश किया। मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में जन मुद्दे उठाए और ‘भारत प्रथम’ की विचारधारा के अनुरूप काम किया। उन्होंने उन नेताओं को भी याद किया जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन जिनका आशीर्वाद हमेशा बना रहेगा।
मोदी ने तिरुवनंतपुरम के दौरे की यादें साझा करते हुए कहा कि शहर ने देश को कई समाज सुधारक, कलाकार और संत दिए हैं। उन्होंने नगरवासियों के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि भाजपा की जीत शहर के लोगों के आशीर्वाद से हुई और इसे सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।
प्रधानमंत्री ने संत नारायण गुरु, महात्मा अय्यंकाली और मन्नथू पद्मनाभन के उपदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य समाज के वंचित और गरीब लोगों के कल्याण के लिए प्रेरणा देना है। उन्होंने महापौर राजेश से कहा कि वे इन महान सिद्धांतों को अपनाकर शहर की सेवा में पूरी क्षमता लगाएं।
तिरुवनंतपुरम नगर निगम की 101 सीटों में भाजपा ने 50 सीटें जीती हैं। इससे पहले यह नगर निगम माकपा-निगत एलडीएफ के नियंत्रण में था। केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए चुनाव इस वर्ष मार्च-अप्रैल में प्रस्तावित हैं।
