प्राथमिक शिक्षा से ही बनेगा सशक्त भारत: डॉ. राजेश्वर सिंह


सरोजनीनगर में डिजिटल शिक्षा अभियान को मिली गति, 41 स्कूलों में स्मार्ट क्लास स्थापित

लखनऊ, 18 फरवरी 2026। लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सेक्टर 9C, वृंदावन योजना स्थित Oasis The Little Pearls Avenue School का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की दिशा और दशा उसकी प्राथमिक कक्षाओं में तय होती है और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा ही सशक्त भारत की आधारशिला है।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मानव मस्तिष्क का लगभग 90 प्रतिशत विकास प्रारंभिक बाल्यावस्था में होता है, इसलिए इसी चरण में भाषा, तर्क क्षमता और समस्या समाधान की नींव रखी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा में निवेश समाज और अर्थव्यवस्था दोनों को दीर्घकालिक लाभ देता है तथा यह समान अवसर और उत्पादकता वृद्धि का आधार बनता है।

सरोजनीनगर में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा

विधायक ने विद्यालय को स्मार्ट क्लास के लिए इंटरैक्टिव बोर्ड पैनल देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में अब तक 41 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास सुविधाएं स्थापित कराई जा चुकी हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षा मिल रही है। साथ ही 100 प्राथमिक विद्यालयों में सीएसआर फंड के माध्यम से बच्चों के लिए खेल-सामग्री और झूले उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि पढ़ाई के साथ बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

प्राथमिक शिक्षा को आर्थिक प्रगति का आधार बताया

डॉ. सिंह ने कहा कि जिन देशों ने निरंतर आर्थिक प्रगति की है, उन्होंने सर्वप्रथम सार्वभौमिक बुनियादी शिक्षा को मजबूत किया। उन्होंने बताया कि भारत में लगभग 24.8 करोड़ विद्यार्थी, 14.7 लाख विद्यालयों और 98 लाख शिक्षकों के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, ऐसे में शिक्षा व्यवस्था को आधार स्तर से मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यदि कक्षा तीन तक बुनियादी साक्षरता और गणनात्मक कौशल विकसित नहीं होते, तो विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन में स्थायी अंतर रह जाता है। इसलिए प्राथमिक शिक्षा में गुणवत्ता सुधार राष्ट्रीय प्राथमिकता होनी चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विधायक ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मजबूत प्राथमिक शिक्षा ही आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *