24 अप्रैल को लखनऊ में उत्तर जोन का क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन, कई राज्यों के मंत्री होंगे शामिल

लखनऊ, 23 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि 24 अप्रैल को लखनऊ में उत्तर जोन का क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन केंद्रीय किसान कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में सेंट्रम होटल में होगा, जिसमें उत्तर भारत के 9 राज्यों के कृषि मंत्री, उद्यान मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और प्रगतिशील किसान हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और दिल्ली के प्रतिनिधि शामिल होंगे। उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और रामनाथ ठाकुर मौजूद रहेंगे।

कृषि मंत्री ने बताया कि सम्मेलन में कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, एफपीओ, नाबार्ड, बैंकों की भूमिका, प्रसंस्करण इकाइयों, बागवानी, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्य अपने-अपने सफल मॉडल और नवाचार साझा करेंगे, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए बेहतर रणनीति तैयार की जा सके। उत्तर प्रदेश की ओर से गन्ने के साथ इंटरक्रॉपिंग और धान की सीधी बोआई (डीएसआर) पद्धति पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जिसे भारत सरकार ने भी किसानों के हित में प्रभावी माना है।

शाही ने बताया कि पंजाब द्वारा फसल विविधीकरण, हिमाचल और उत्तराखंड द्वारा बागवानी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचार भी इस सम्मेलन में साझा किए जाएंगे, जिससे राज्यों के बीच ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान होगा।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 20 लाख मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक उपलब्ध है, जिसमें करीब 11.5 लाख मीट्रिक टन यूरिया शामिल है। उन्होंने बताया कि सरकार 40 हजार कुंतल ढेंचा बीज किसानों को उपलब्ध कराएगी, जिससे यूरिया की खपत में लगभग 20 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन उत्तर भारत के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने और किसानों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *