द्रविड़ राजनीति के छह दशक पुराने दौर का अंत, पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत दिग्गजों ने दी बधाई
चेन्नई, 10 मई। सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत कर दी। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विजय के शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य में द्रविड़ मुनेत्र कषगम और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम के करीब छह दशक पुराने राजनीतिक वर्चस्व का अंत हो गया। वर्ष 1967 के बाद यह पहला मौका है, जब तमिलनाडु में किसी गैर-द्रविड़ दल की सरकार बनी है।
शपथ ग्रहण समारोह में विजय के अलावा एन. आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुण राज, केए सेंगोट्टैयन, पी. वेंकेटरामनन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली।
समारोह में राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेताओं, फिल्मी हस्तियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और हजारों समर्थकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
सबसे आगे की पंक्ति में विजय के माता-पिता एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर के लिए विशेष सीटें आरक्षित थीं। अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन और उनकी मां भी समारोह में मौजूद रहीं।
तमिलगा वेत्री कझगम के नेतृत्व वाले गठबंधन को 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय ने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया था। टीवीके हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, हालांकि उसे पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। बाद में कांग्रेस, सीपीआई और सीपीआई (एम) ने सरकार गठन के लिए समर्थन दिया।
राज्यपाल ने नई सरकार को 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है।
इस ऐतिहासिक मौके पर नरेंद्र मोदी ने विजय को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में तमिलनाडु नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। वहीं राहुल गांधी ने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए जनता के भरोसे पर खरा उतरने की शुभकामनाएं दीं।
मल्लिकार्जुन खरगे, रेवंत रेड्डी और एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी विजय को शुभकामनाएं भेजीं। अभिनेता और नेता कमल हासन ने विजय को “तमिल राजनीति का नया चेहरा” बताते हुए इसे ऐतिहासिक बदलाव कहा।
फिल्म जगत से भी विजय को भरपूर समर्थन मिला। आर. माधवन ने सोशल मीडिया पर विजय के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनका कार्यकाल राज्य के लिए सबसे प्रभावशाली साबित हो। अभिनेता सत्यराज ने विजय की जीत को सिद्धांतों और संघर्ष की जीत बताया।
इसके अलावा पूजा हेगड़े, प्रकाश राज और आरजे बालाजी समेत कई कलाकारों और सार्वजनिक हस्तियों ने भी नए मुख्यमंत्री को बधाई दी।
फिल्मों के “इलैया थलपति” के रूप में लोकप्रिय रहे विजय अब तमिलनाडु की राजनीति के “थलाइवर” बन चुके हैं और राज्य की करोड़ों जनता की उम्मीदें अब उनके नेतृत्व से जुड़ गई हैं।
