महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा स्थगित, परीक्षा से 24 घंटे पहले लीक हुआ प्रश्नपत्र; 4.28 लाख अभ्यर्थियों को झटका

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा स्थगित, परीक्षा से 24 घंटे पहले लीक हुआ प्रश्नपत्र; 4.28 लाख अभ्यर्थियों को झटका

मुंबई, 27 जून । महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) एक बार फिर पेपर लीक की भेंट चढ़ गई। राज्यभर में रविवार, 28 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को परीक्षा से लगभग 24 घंटे पहले स्थगित कर दिया गया। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने संदिग्ध पेपर लीक की सूचना मिलने के बाद यह फैसला लिया। इस घटना से राज्य के करीब 4.28 लाख अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है।

ठाणे से लीक हुआ प्रश्नपत्र, पुलिस ने की कार्रवाई

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रश्नपत्र ठाणे जिले से लीक हुआ। पुलिस को गोपनीय सूचना मिलने के बाद भिवंडी क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र बरामद किया गया। जांच के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले कैसे बाहर आया और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

MSCE ने परीक्षा स्थगित करने की पुष्टि की

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि परिषद को परीक्षा से पहले संदिग्ध पेपर लीक की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान बरामद दस्तावेजों का मिलान आधिकारिक प्रश्नपत्र से किया गया, जिसमें कई प्रश्न हूबहू मेल खाते पाए गए।

इसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परिषद ने तत्काल प्रभाव से टीईटी परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया।

परिषद ने बताया कि परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। साथ ही शिक्षा विभाग पूरे मामले पर विस्तृत प्रेस नोट भी जारी करेगा।

4.28 लाख अभ्यर्थियों पर पड़ा असर

टीईटी परीक्षा के लिए इस वर्ष पूरे महाराष्ट्र से लगभग 4 लाख 28 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा राज्य के 1,428 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होनी थी।

इनमें से लगभग 2,26,263 अभ्यर्थी पहले से कार्यरत शिक्षक हैं, जो नियमानुसार टीईटी पात्रता प्राप्त करने के लिए परीक्षा देने वाले थे। जबकि शेष उम्मीदवार शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे थे।

अचानक परीक्षा स्थगित होने से लाखों अभ्यर्थियों की तैयारियों पर पानी फिर गया और उन्हें नई परीक्षा तिथि का इंतजार करना पड़ेगा।

दोबारा सामने आया पेपर लीक का मामला

महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले साल 2025 में भी कोल्हापुर से टीईटी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। लगातार दूसरे वर्ष पेपर लीक की घटना ने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नई परीक्षा तिथि जल्द होगी घोषित

शिक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद टीईटी परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पेपर लीक के पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल लोगों और संभावित साजिश की विस्तृत जांच कर रही है। विभाग का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *