“बेकसूर मजदूर को फंसाया गया” – योगेश यादव मामले में AAP सांसद संजय सिंह ने की निष्पक्ष जांच की मांग

एसआईआर गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों को वोट से बाहर करने की साजिश: संजय सिंह

“निष्पक्ष जांच और बेकसूर मजदूर की रिहाई तक जारी रहेगा संघर्ष” – संजय सिंह

दिल्ली में बाइक सवार युवक कमल ध्यानी की खुले गड्ढे में गिरकर हुई दुखद मृत्यु के मामले में फिरोजाबाद निवासी 23 वर्षीय मजदूर योगेश यादव की गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी ने गहरी चिंता जताई है। पार्टी का कहना है कि यह गिरफ्तारी न केवल सवालों के घेरे में है, बल्कि एक गरीब और बेकसूर मजदूर को बलि का बकरा बनाकर वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास भी प्रतीत होती है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद आदरणीय श्री संजय सिंह के निर्देश पर तथा डॉ. हृदेश चौधरी, बृज प्रांत अध्यक्ष (आप, उत्तर प्रदेश) के संरक्षण में गठित एक प्रतिनिधिमंडल ने आज दोपहर 1 बजे फिरोजाबाद में योगेश यादव के आवास पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री प्रशान्त कुमार यादव ने किया।

प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष श्री शीलेंद्र वर्मा, महिला विंग प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य श्रीमती रत्नेश यादव, यूथ विंग जिला अध्यक्ष श्री अर्पित यादव, महासचिव श्री धर्मेंद्र शर्मा ‘धीरू’, फिरोजाबाद महानगर अध्यक्ष श्री नदीम सिद्दीकी, शिक्षक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्री राजेश वर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी श्री यदुवंश यादव एवं श्री निर्मल वर्मा शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवार ने बताया कि वर्तमान में घर पर केवल योगेश यादव की बीमार माता जी मौजूद हैं। उनकी पित्त की थैली में पथरी है और शीघ्र ही ऑपरेशन होना है। इसी इलाज के लिए योगेश दिल्ली में मजदूरी कर पैसे जुटा रहा था और हाल ही में ऑपरेशन की तैयारी हेतु घर लौटा था। इसी बीच दिल्ली पुलिस उसे पूछताछ के नाम पर अपने साथ ले गई, जिसके बाद से परिवार पूरी तरह टूट चुका है और गंभीर मानसिक आघात में है।

इस संवेदनशील मामले में राज्यसभा सांसद श्री संजय सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से योगेश यादव की माता जी से बात की, उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि उनके बेटे को न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और संबंधित अधिकारियों से लगातार संवाद कर रहे हैं। साथ ही मानवीय संवेदना के तहत सांसद श्री संजय सिंह ने योगेश यादव की माता जी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की, ताकि उनके ऑपरेशन और उपचार में कोई बाधा न आए।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण हादसा हुआ है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बनती है। एक गरीब मजदूर को बिना ठोस साक्ष्य गिरफ्तार करना न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।

पार्टी की प्रमुख मांगें:

  • पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए।

  • यदि निर्माण कार्य में लापरवाही सिद्ध होती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों पर कठोर कार्रवाई हो।

  • बिना पुख्ता सबूत किसी निर्दोष मजदूर को गिरफ्तार कर न्याय प्रक्रिया को प्रभावित न किया जाए।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि बेकसूर योगेश यादव को शीघ्र रिहा नहीं किया गया और वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन, धरना और व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।

पार्टी नेताओं ने दो टूक कहा—न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *