यूपी में अब ‘तुष्टीकरण’ नहीं, ‘संतुष्टिकरण’ की राजनीति: योगी आदित्यनाथ

सहारनपुर में 2131 करोड़ रुपये की 325 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

लखनऊ/सहारनपुर, 07 मई 2026। योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सहारनपुर में 2,131 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब “तुष्टीकरण” नहीं बल्कि “संतुष्टिकरण” की राजनीति हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारों का धन कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल, अवैध कब्जों और जातीय-सांप्रदायिक तुष्टीकरण में खर्च होता था, जबकि अब वही धन सड़क, विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज, आरसीसी ड्रेन, एक्सप्रेसवे और धार्मिक-पर्यटन स्थलों के विकास पर लगाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कभी दंगे, कर्फ्यू, पलायन और अराजकता के लिए बदनाम रहा सहारनपुर आज विकास, कनेक्टिविटी और औद्योगिक प्रगति का नया केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सहारनपुर से दिल्ली पहुंचने में छह घंटे और लखनऊ पहुंचने में 12 से 14 घंटे लगते थे, लेकिन अब आधुनिक एक्सप्रेसवे नेटवर्क के कारण दिल्ली मात्र ढाई घंटे और लखनऊ लगभग छह घंटे की दूरी पर रह गया है।

उन्होंने कहा कि मां शाकम्भरी धाम के पुनरुद्धार, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, प्रस्तावित एयरपोर्ट, स्पोर्ट्स कॉलेज और इंडस्ट्रियल-लॉजिस्टिक हब जैसी परियोजनाओं से सहारनपुर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश दंगों और हिंसा से जूझ रहा था। किसान परेशान थे, व्यापारी भय में जी रहे थे और युवा पलायन कर रहे थे। उन्होंने 2016 के सिख विरोधी दंगे और मुजफ्फरनगर-शामली हिंसा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय पूरे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल था।

उन्होंने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद सहारनपुर को नई पहचान मिली। यहां की विश्वस्तरीय काष्ठ कला को प्रोत्साहन मिला और अब यह जिला औद्योगिक विकास का केंद्र बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-बागपत-शामली-सहारनपुर-देहरादून सिक्स लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नया आयाम मिला है।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर में दिल्ली और देहरादून के बीच पहला बड़ा इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक हब विकसित किया जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेरठ की रैपिड रेल और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं पश्चिमी उत्तर प्रदेश को नई पहचान दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय की स्थापना, एयरपोर्ट निर्माण और बेहट में स्पोर्ट्स कॉलेज का कार्य तेजी से चल रहा है। आधुनिक बस स्टेशन, बेहतर सड़क नेटवर्क और आरसीसी ड्रेन जैसी परियोजनाएं भी तेजी से पूरी की जा रही हैं।

देवबंद का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले वहां से छोटी-छोटी बातों पर फतवे जारी होते थे, लेकिन अब सुरक्षा को मजबूत करने के लिए वहां एटीएस केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 325 परियोजनाओं में 184 परियोजनाओं का 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत से लोकार्पण और 141 परियोजनाओं का 1,631 करोड़ रुपये से शिलान्यास किया गया है।

इस अवसर पर सुनील कुमार शर्मा, कुंवर बृजेश सिंह, जसवंत सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *