लखनऊ, 23 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश को देश और दुनिया के निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में योगी सरकार लगातार सक्रिय प्रयास कर रही है। इसी क्रम में 24 जून को बेंगलुरु में उत्तर प्रदेश ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग-2026 के तहत एक भव्य इन्वेस्टर्स रोडशो आयोजित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
देश की तकनीकी राजधानी और ‘सिलिकॉन वैली ऑफ इंडिया’ कहे जाने वाले बेंगलुरु में आयोजित होने वाला यह रोडशो उत्तर प्रदेश में उपलब्ध निवेश और व्यापारिक संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। कार्यक्रम में देश के अनेक प्रमुख उद्योगपति, कॉरपोरेट समूहों के प्रतिनिधि, निवेशक और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
निवेशकों को यूपी में आमंत्रित करेगा इन्वेस्टर्स रोडशो, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे अध्यक्षता
रोडशो के दौरान तीन प्रमुख विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें इन्फ्रास्ट्रक्चर, आईटी एवं आईटी इनेबल्ड सर्विसेज (आईटीईएस) तथा ग्लोबल कैपैसिटी सेंटर्स (जीसीसी) एवं प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) शामिल हैं। इन सत्रों में उद्योग जगत की अग्रणी हस्तियां अपने विचार साझा करेंगी और उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और निवेश-अनुकूल वातावरण को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके माध्यम से निवेशकों को प्रदेश में तेजी से हो रहे परिवर्तन और विकास की जानकारी दी जाएगी।
रोडशो का मुख्य उद्देश्य निवेशकों के समक्ष उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, निवेश समर्थक नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद व्यापक व्यावसायिक अवसरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है। सरकार निवेशकों को यह संदेश देना चाहती है कि उत्तर प्रदेश अब केवल एक बड़ा उपभोक्ता बाजार नहीं, बल्कि देश का सबसे तेजी से उभरता औद्योगिक और आर्थिक केंद्र बन चुका है।
इस अवसर पर निवेशकों को प्रदेश के मजबूत बुनियादी ढांचे, बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क, इलेक्ट्रिक व्हीकल विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और उभरते औद्योगिक क्षेत्रों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न सेक्टोरल नीतियों और निवेशकों को उपलब्ध कराए जा रहे प्रोत्साहन पैकेजों से भी अवगत कराया जाएगा।
योगी सरकार का दावा है कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। सिंगल विंडो सिस्टम, विशाल भूमि बैंक, कुशल मानव संसाधन, पारदर्शी प्रशासन और उद्योग-अनुकूल नीतियों के कारण प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद के रूप में उभरा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्राप्त निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
सरकार को उम्मीद है कि बेंगलुरु में आयोजित यह रोडशो उत्तर प्रदेश में नए निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन को बढ़ावा देने और प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
