PM मोदी की अपील के बाद CM योगी का बड़ा फैसला, मंत्रियों के काफिले में 50 प्रतिशत कटौती के निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के आह्वान से जुड़ने की अपील करते हुए ईंधन की खपत कम करने और सोने की अनावश्यक खरीद से बचने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ऊर्जा संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और सार्वजनिक संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल को जनआंदोलन बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों के साथ बैठक में निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिलों में तत्काल 50 प्रतिशत तक कमी की जाए तथा अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए।

वर्चुअल बैठकों, सार्वजनिक परिवहन, स्वदेशी उत्पाद और ऊर्जा बचत पर दिया जोर

उन्होंने प्रदेश में “वर्क फ्रॉम होम” संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कही और सरकारी बैठकों, सेमिनारों, कार्यशालाओं तथा सम्मेलनों को अधिक से अधिक वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सचिवालय और निदेशालयों की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें भी ऑनलाइन माध्यम से की जाएं।

मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो, पीएनजी, इलेक्ट्रिक वाहनों, साइक्लिंग और कार पूलिंग के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है, वहां लोग उसका अधिकतम उपयोग करें तथा अधिक मांग वाले मार्गों पर बस सेवाएं बढ़ाई जाएं।

उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में स्कूली बसों के प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर परिवहन निगम की बसों को भी इससे जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयों के समय को अलग-अलग चरणों में बांटने का सुझाव दिया, ताकि पीक ऑवर में ईंधन की खपत कम हो सके।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बिजली बचाने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी भवनों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में अनावश्यक बिजली का उपयोग न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कॉम्प्लेक्स में रात 10 बजे के बाद सजावटी रोशनी का न्यूनतम उपयोग किया जाए।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने अगले छह माह तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की सलाह दी और देश में ही पर्यटन तथा डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हैरिटेज स्थल, किले, ईको साइट्स और धार्मिक पर्यटन के अनेक केंद्र मौजूद हैं, जिन्हें बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने “विजिट माई स्टेट” अभियान शुरू करने के निर्देश दिए और वेलनेस, ग्रामीण, वन्यजीव तथा खानपान आधारित पर्यटन को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन” योजना के जरिए स्थानीय खानपान और संस्कृति को पहचान मिल रही है।

योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों और शादियों में स्वदेशी उपहार, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की ओर से ओडीओपी और जीआई टैग प्राप्त उत्पादों को उपहार के रूप में बढ़ावा दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने खाद्य तेल के कम उपयोग की भी अपील की और कहा कि इससे स्वास्थ्य बेहतर होगा, घरेलू बचत बढ़ेगी तथा आयात पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पोषण जागरूकता शिविर लगाने और स्कूलों, अस्पतालों, छात्रावासों, पुलिस मेस तथा सरकारी कैंटीनों में कम तेल वाले भोजन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गोशालाओं में मौजूद गोवंश के गोबर के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क विस्तार और “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने पर भी विशेष जोर दिया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *