लखनऊ, 31 मई 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ में बड़े संगठनात्मक अभियान के रूप में आयोजित किया। महानगर के सभी 2505 बूथों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना गया। इसके बाद बूथ स्तर पर बैठकों का आयोजन कर संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।
भाजपा ने इस आयोजन के माध्यम से बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता विभिन्न बूथों पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।
कैंट विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 311 पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला हुआ मजबूत संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नियमित जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि लखनऊ के सभी 2505 बूथों पर एक साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन संगठन की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ समितियों को निरंतर सक्रिय रखने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने का आग्रह किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि बूथ ही भाजपा की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि बूथ समितियों को मजबूत बनाकर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा कार्यों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए बूथ स्तर पर अपनी चुनावी तैयारियों को और धार देने का प्रयास किया है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी का फोकस बूथ समितियों को मजबूत करने, नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने पर है।
बैठकों के दौरान सदस्यता विस्तार अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा नेतृत्व ने संकेत दिया कि आने वाले समय में बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता और बढ़ाई जाएगी, ताकि पार्टी की पहुंच प्रत्येक मतदाता तक सुनिश्चित की जा सके।
