एआई कंट्रोल कमांड कक्ष से हुई निगरानी, लखनऊ में परीक्षा कक्ष में ही हुई ओएमआर स्कैनिंग
लखनऊ, 10 मई (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा रविवार को प्रदेशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सकुशल सम्पन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई और पूरे आयोजन की निगरानी एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष के माध्यम से की गई।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत एवं मनोविज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि द्वितीय पाली में रसायन विज्ञान, भूगोल, हिन्दी और कला विषयों की परीक्षा सम्पन्न हुई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चली।
उन्होंने बताया कि परीक्षा का संचालन आयोग द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पूर्ण पारदर्शिता और नकलविहीन वातावरण में कराया गया। परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी केंद्रों की लगातार निगरानी की गई। आयोग के अध्यक्ष, सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोग ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत लखनऊ के चयनित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग परीक्षा कक्ष में ही कराई। यह प्रक्रिया अभ्यर्थियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई और स्कैन डाटा को तत्काल सुरक्षित किया गया। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी भी एआई नियंत्रण कक्ष से की गई।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि 9 मई को आयोजित परीक्षा में 89,766 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जिनमें महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 34.89 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 42.26 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं 10 मई की परीक्षा में 1,03,168 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 41.92 प्रतिशत तथा पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 48.08 प्रतिशत रही।
दो दिनों में आयोजित परीक्षा में कुल 1,92,934 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। आयोग ने इसे पारदर्शी, तकनीकी रूप से सुरक्षित और सुव्यवस्थित परीक्षा आयोजन बताया है।
