वृंदावन। विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ एक बार फिर आध्यात्मिक यात्रा पर वृंदावन पहुंचे। दोनों ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम श्री हित राधा केली कुंज में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और सत्संग में भाग लिया।
सोमवार को आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विराट और अनुष्का भक्ति में लीन नजर आए। दोनों ने सादगी भरा रूप अपनाया हुआ था। अनुष्का ने ऑफ-व्हाइट सूट के साथ माथे पर तिलक लगाया, वहीं विराट गले में तुलसी की माला पहने “राधा नाम” के जप में डूबे दिखे।
बताया जा रहा है कि कपल ने प्रेमानंद महाराज के साथ एकांतिक वार्ता भी की और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। यह पहली बार नहीं है जब दोनों आश्रम पहुंचे हों। पिछले कई वर्षों से वे नियमित रूप से यहां दर्शन के लिए आते रहे हैं। साल 2025 में भी दोनों तीन बार वृंदावन पहुंचे थे। बेटे अकाय के जन्म के बाद वे अपने दोनों बच्चों के साथ भी यहां आए थे।
इससे पहले भी जब विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी, तब भी वे अनुष्का के साथ आश्रम पहुंचे थे और महाराज से जीवन और भक्ति से जुड़े प्रश्न किए थे। उस दौरान प्रेमानंद महाराज ने उन्हें “राधा नाम” के जप की महिमा बताते हुए विनम्रता के साथ जीवन जीने की सलाह दी थी।
गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हालिया मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ था, जिसमें कोहली 19 रन बनाकर आउट हो गए थे। अब आगामी मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उतरने से पहले कोहली भक्ति के रंग में नजर आए हैं।
आगामी मुकाबले से पहले इस आध्यात्मिक दौरे को उनके मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
