उत्तराखंड : भाजपा विधायक की गिरफ्तारी को लेकर कर्मचारी संगठनों का अल्टीमेटम

देहरादून, 23 फरवरी। उत्तराखंड में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट के मामले में भारतीय जनता पार्टी के विधायक उमेश शर्मा काउ की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मचारी संगठनों ने कड़ा रुख अपनाया है। मांग पूरी न होने पर बुधवार से प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय बंद रखने का अल्टीमेटम दिया गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्धन को एसओपी बनाने और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ कथित मारपीट के विरोध में गठित अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कार्यालयों में पुलिस तैनाती और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की। मोर्चा के मीडिया प्रभारी संजय भास्कर ने कहा कि विधायक की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा और यदि मंगलवार तक समाधान नहीं हुआ तो बुधवार से प्रदेशभर में तालाबंदी की जाएगी।

पुलिस ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना में शामिल एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, साक्ष्य और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली भी शामिल है।

बताया जा रहा है कि एक विद्यालय का नाम दानदाता परिवार के बुजुर्ग के नाम पर रखने के विवाद को लेकर विधायक अपने समर्थकों के साथ निदेशक कार्यालय पहुंचे थे, जहां कहासुनी के बाद स्थिति मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गई। घटना में निदेशक घायल हुए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्होंने थाना रायपुर में विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, जबकि एक मुकदमा विधायक के सुरक्षाकर्मी की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *