राष्ट्रीय मुआय थाई चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम गोवा रवाना, खिलाड़ियों में उत्साह

लखनऊ, 10 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश की मुआय थाई टीम गोवा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय मुआय थाई चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए शुक्रवार सुबह रवाना हो गई। यह चैंपियनशिप 11 और 12 अप्रैल को गोवा के मापुसा में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

टीम में आदित्य गुप्ता, हिमांशु सिंह, सतीश यादव, शुभ यादव, अमर यादव, राशि सिंह, आर्या गुप्ता और जयदीप पटेल को शामिल किया गया है। सभी खिलाड़ी अपने-अपने वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार हैं।

उत्तर प्रदेश मुआय थाई काउंसिल के सचिव अभिषेक मौर्या ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से पहले गहन अभ्यास किया है। प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी कौशल, फुटवर्क और स्टेमिना पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। टीम के कोच आकाश मौर्या और मैनेजर आदित्य गुप्ता होंगे।

टीम की रवानगी से पहले काउंसिल के पदाधिकारियों ने कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. आनंद किशोर पांडेय से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुआय थाई जैसे मार्शल आर्ट्स खेल युवाओं में आत्मविश्वास, साहस, फिटनेस और मानसिक मजबूती विकसित करते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश की टीम राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी। इस मौके पर रॉयल स्पोर्ट्स गंज स्टेडियम, लखनऊ के निदेशक हर्षवर्धन सिंह ने भी खिलाड़ियों को सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *