बंथरा में किराना व्यापारी के घर चोरी करते दो आरोपी पकड़े गए, ग्रामीणों ने घेरकर पुलिस के हवाले किया

बंथरा में किराना व्यापारी के घर चोरी करते दो आरोपी पकड़े गए, ग्रामीणों ने घेरकर पुलिस के हवाले किया

लखनऊ, 07 जुलाई 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक किराना व्यापारी के घर चोरी की वारदात के दौरान दो संदिग्धों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों घर में चोरी कर रहे थे। लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी तलाश की जा रही है।

घटना बंथरा बाजार स्थित थोक किराना व्यापारी संतोष कुमार गुप्ता के घर की है। व्यापारी के अनुसार, सोमवार शाम वह अपने परिवार के साथ काकोरी स्थित एक रिसॉर्ट में अपने भतीजे प्रियांशु गुप्ता के हल्दी-मेहंदी समारोह में शामिल होने गए थे। रात लगभग दो बजे जब परिवार घर लौटा तो मुख्य गेट खुला मिला और अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था।

नकदी और आभूषण चोरी करने का आरोप, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी

संतोष गुप्ता ने बताया कि चोरी की आशंका होने पर वह पुलिस को सूचना देने वाले थे, तभी मकान की ऊपरी मंजिल से हलचल और बातचीत की आवाज सुनाई दी। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मकान से निकलने का प्रयास कर रहे दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि उनके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनिस अब्बास और मोहम्मद आसिफ, निवासी ग्वालटोली मकबरा, कानपुर के रूप में हुई है।

व्यापारी का आरोप है कि चोर घर के दो कमरों से लगभग पांच लाख रुपये नकद, करीब 300 ग्राम सोने तथा दो किलोग्राम चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 हजार रुपये नकद और करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।

परिजनों के अनुसार, वारदात में शामिल अन्य आरोपी कार से आए थे और अधिकांश आभूषण लेकर भाग निकले, जबकि पकड़े गए दोनों आरोपी स्कूटी से होने के कारण भीड़ के हत्थे चढ़ गए।

मौके से पुलिस ने एक स्कूटी, तीन मोबाइल फोन तथा ताले और दरवाजे तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का रॉड भी बरामद किया है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की पिटाई भी की, जिससे दोनों घायल हो गए। बाद में पुलिस ने उन्हें भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

बंथरा पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फरार साथियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बरामद सामान, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *