एलपीएस आनंद नगर के तीन ताइक्वांडो खिलाड़ी वर्ल्डवाइड सुपर लीग में दिखाएंगे दम

लखनऊ। लखनऊ पब्लिक स्कूल, आनंद नगर शाखा के तीन होनहार खिलाड़ी जयपुर में आयोजित होने वाली वर्ल्डवाइड सुपर लीग (डब्लूडब्लूएसएल) इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप सीजन-2 में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

यह प्रतियोगिता 11 और 12 अप्रैल को राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर के इंदौर हॉल में आयोजित होगी। इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों में आशुतोष मिश्रा, दिव्य राज वंश और मयंक तिवारी शामिल हैं, जो व्यक्तिगत पूमसे स्पर्धा में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।

प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले गुरुवार को स्कूल परिसर में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्या श्रीमती मीना तिवारी ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता की टी-शर्ट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर स्कूल की इंचार्ज श्रीमती अपर्णा चौधरी सहित समस्त शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि ये सभी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मास्टर अतुल यादव के मार्गदर्शन में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

स्कूल प्रबंधन को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लखनऊ और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *