चेन्नई, 05 मई 2026। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने दावा किया है कि विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा है। इस मुद्दे पर अंतिम फैसला अब राज्य इकाई पर छोड़ दिया गया है।
मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई अहम बैठक में राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने इस पर चर्चा की। बैठक के बाद संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विजय ने कांग्रेस से समर्थन का औपचारिक अनुरोध किया है।
वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि तमिलनाडु का जनादेश एक धर्मनिरपेक्ष सरकार के पक्ष में है और पार्टी किसी भी स्थिति में भारतीय जनता पार्टी या उसके सहयोगियों को सरकार में शामिल नहीं होने देना चाहती। उन्होंने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TNCC) इस मुद्दे पर बुधवार को बैठक कर अंतिम निर्णय लेगी।
संख्याबल की बात करें तो 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK को 108 सीटें मिली हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 10 कम हैं। कांग्रेस के पास 5 सीटें हैं, जबकि अन्य दल—पीएमके (4), CPI (2) और CPI(M) (2)—भी संभावित समर्थन की स्थिति में हैं। ऐसे में गठबंधन बनता है तो सरकार का रास्ता साफ हो सकता है।
इस बीच, TVK ने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा है और सूत्रों के अनुसार 7 मई को विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि, अंतिम तस्वीर कांग्रेस के फैसले पर निर्भर करेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि कांग्रेस समर्थन देती है, तो तमिलनाडु में एक नई गठबंधन सरकार का गठन तय हो जाएगा, जो राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
