बिजनौर रजिस्ट्री कार्यालय में सर्वर ठप, वकीलों ने किया प्रदर्शन

लखनऊ, 30 मई 2026 (यूएनएस)। सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित बिजनौर उप निबंधक कार्यालय में शनिवार को सर्वर पूरी तरह ठप हो जाने से रजिस्ट्री संबंधी सभी कार्य प्रभावित हो गए। तकनीकी समस्या से नाराज अधिवक्ताओं ने कार्यालय का आधा शटर गिराकर विरोध प्रदर्शन किया और कामकाज बंद करा दिया।

जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार दोपहर से ही सर्वर में तकनीकी दिक्कतें आ रही थीं, जिससे दस्तावेजों के पंजीकरण और अन्य रजिस्ट्री संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे थे। शनिवार सुबह सर्वर पूरी तरह बंद हो जाने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। इसके चलते कार्यालय में रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा।

अधिवक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सर्वर की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे वकीलों और आम नागरिकों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।

वकीलों का कहना है कि तकनीकी खामियों के कारण कार्य बाधित होने से लोगों का समय और धन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सर्वर व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कर रजिस्ट्री कार्यों को सुचारु रूप से संचालित किया जाए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उधर, रजिस्ट्री कराने आए लोगों ने भी शासन और प्रशासन से हस्तक्षेप कर व्यवस्था को जल्द बहाल कराने की मांग की।

सर्वर ठप होने से पूरे दिन उप निबंधक कार्यालय में अव्यवस्था का माहौल बना रहा और रजिस्ट्री संबंधी कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे। विभागीय अधिकारी तकनीकी टीम की मदद से समस्या दूर करने के प्रयास में जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *