राममंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों के घरों पर पुलिस की एक साथ छापेमारी, दस्तावेज और डायरी जांच के दायरे में

टिन्नू के घर अलमारी-बक्सों की तलाशी, अनुकल्प मिश्रा के यहां मिली अहम डायरी; 8 घंटे तक चली कार्रवाई

अयोध्या, 28 जून 2026 (यूएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब और तेज हो गई है। जेल में बंद आठ आरोपियों से जुड़े ठिकानों पर रविवार सुबह पुलिस ने एक साथ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। सुबह करीब सात बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में पुलिस की आठ अलग-अलग टीमें एक साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं और करीब आठ घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का ब्यौरा, निजी रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाले गए। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और संभावित संपत्तियों की जानकारी मिल सकती है।

तीन घरों पर मिला ताला

छापेमारी के दौरान तीन आरोपियों के घर बंद मिले। पुलिस ने ऐसे मामलों में पड़ोसियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की गतिविधियों, जीवनशैली और संपत्ति से जुड़ी जानकारी जुटाई। जांच में राजस्व विभाग के अधिकारियों, विशेषकर लेखपालों को भी शामिल किया गया ताकि संपत्तियों और भूमि संबंधी अभिलेखों का सत्यापन किया जा सके।

टिन्नू यादव के घर खंगाले गए बक्से और अलमारी

चंपत राय के करीबी माने जाने वाले आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के स्वर्गद्वार स्थित दो मंजिला मकान पर पुलिस पहुंची तो घर पर ताला लगा मिला। कुछ देर बाद उनकी मां मौके पर पहुंचीं और घर का ताला खोला गया। इसके बाद पुलिस ने घर के अंदर रखे बक्सों, अलमारियों और अन्य सामान की गहन तलाशी ली। परिवार के सदस्यों से पूछताछ भी की गई। इसी परिसर के पास रहने वाले टिन्नू के भतीजे और सह-आरोपी मनीष यादव के मकान पर भी पुलिस पहुंची, लेकिन वहां भी ताला मिला। पुलिस ने मकान में रह रहे किराएदारों से पूछताछ कर मनीष के बारे में जानकारी जुटाई।

अनुकल्प मिश्रा के घर मिली डायरी

आरोपी अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित आवास पर भी पुलिस ने विस्तृत तलाशी ली। जांच के दौरान संपत्ति संबंधी दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण और अन्य रिकॉर्ड खंगाले गए। पुलिस को यहां से एक डायरी और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि डायरी में राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य दर्ज हो सकते हैं। इन दस्तावेजों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

अन्य आरोपियों के घर भी खंगाले गए

रुदौली में आरोपी लवकुश मिश्रा के घर पहुंची पुलिस ने उनके दादा जगदंबा मिश्रा से पूछताछ की। वहीं अंजनीपुरम स्थित सुभाष श्रीवास्तव के घर पर ताला मिलने के बाद पुलिस ने पड़ोसियों से उनकी संपत्ति और हाल के वर्षों में जीवनशैली में आए बदलावों के बारे में जानकारी जुटाई।

आरोपी करुणेश पांडेय के घर पर उनकी मां ने पुलिस को अंदर प्रवेश कराया। यहां भी संपत्ति संबंधी कागजात, बैंक खातों की जानकारी और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई।

अविनाश शुक्ला के संबंध में पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि वह किराए के मकान में रहते थे और योग सेंटर से जुड़े हुए थे, जबकि उनका मूल निवास गांव में है।

रमाशंकर मिश्रा के घर भी पहुंची पुलिस

नया घाट क्षेत्र में आरोपी रमाशंकर मिश्रा के घर पुलिस ने तलाशी ली। उनके पिता छन्नू लाल मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने घर की अलमारी और बक्सों की जांच की तथा कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने के बाद वापस लौट गई। उन्होंने बताया कि रमाशंकर पिछले लगभग छह वर्षों से राम मंदिर से जुड़े कार्यों में लगे हुए थे।

जीवनशैली और संपत्तियों की भी हो रही जांच

सूत्रों के अनुसार पुलिस केवल चोरी की रकम की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी जांच कर रही है कि मंदिर से जुड़ने के बाद आरोपियों की आर्थिक स्थिति और जीवनशैली में क्या बदलाव आया। इसके लिए संपत्ति खरीद, बैंक खातों, निवेश, चल-अचल संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

आगे बढ़ सकती है जांच

जांच एजेंसियों का मानना है कि छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मामले की जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पुलिस इन अभिलेखों का विश्लेषण कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और नए साक्ष्यों के आधार पर मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *