लखनऊ, 20 मई 2026 (यूएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों का बचाव करते हुए कहा कि इससे भारत के आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय संबंध मजबूत होते हैं।
सड़क पर नमाज को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया के जवाब में राजभर ने कहा कि शायद सपा प्रमुख को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अदालत ने साफ निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
पेट्रोल-डीजल बचाने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भी राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार विरोधाभासी बयान दे रहे हैं। तंज कसते हुए बोले कि कभी सनातन की बात करते हैं, कभी पूड़ी-जलेबी खाते हैं और कभी आरती करते नजर आते हैं।
भाजपा पर आरक्षण खत्म करने के आरोपों को लेकर भी राजभर ने समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय भर्ती प्रक्रियाओं में भारी अनियमितताएं होती थीं और पिछड़ों के 27 प्रतिशत आरक्षण में अतिपिछड़ों का हक छीना गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम समाज ने सपा को कई बार सत्ता तक पहुंचाया, लेकिन पार्टी ने कभी मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की बात नहीं की।
राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव दोनों विदेशों में जाकर भारत की संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाना विपक्ष की दोहरी राजनीति को दिखाता है।
प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों का बचाव करते हुए राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री दुनिया के देशों के साथ भारत के व्यापार, निवेश और कूटनीतिक संबंध मजबूत करने के लिए विदेश यात्राएं करते हैं। इससे आयात-निर्यात और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है तथा भारत विकास की दिशा में आगे बढ़ता है।
दवा व्यापारियों की हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आंदोलन ज्यादा प्रभावी नहीं होते और कुछ समय बाद खत्म हो जाते हैं। वहीं प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने, अधिक पानी पीने और बिना जरूरी काम के धूप में बाहर न निकलने की अपील की।
