लखनऊ, 16 जून। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि देश अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि काम और परिणामों पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि लगातार तीन बार जनता का समर्थन मिलना इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार ने जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता दी है।
डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने गरीबी उन्मूलन, आधारभूत संरचना विकास, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के तहत करोड़ों लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदी अभियान को भी महत्वपूर्ण बताया।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और हवाई हमलों ने दुनिया को संदेश दिया है कि नया भारत किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण नक्सलवाद का प्रभाव लगातार कम हुआ है और विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं।
डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, रेलवे के आधुनिकीकरण, मेट्रो नेटवर्क और हवाई अड्डों के विकास ने देश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत में सड़क और संपर्क सुविधाओं के विस्तार से आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
उत्तर प्रदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, निवेश, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है और आज उत्तर प्रदेश देश के विकास मॉडल के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और दंगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है तथा गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की गई हैं। डॉ. लक्ष्मण ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार की विकासोन्मुख नीतियों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।
