खरगोन (मध्यप्रदेश), 13 मार्च (RNN)। पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेला के दौरान सुर्खियों में आई युवती मोनालिसा भोंसले के पिता ने केरल में एक मुस्लिम युवक से शादी करने के बाद अपनी बेटी की सुरक्षित घर वापसी के लिए मोहन यादव से गुहार लगाई है।
खानाबदोश पारधी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली और महेश्वर की रहने वाली 18 वर्षीय मोनालिसा भोंसले ने बुधवार को केरल में एक मंदिर में फरमान खान नामक युवक से विवाह कर लिया। बताया गया कि शादी के दौरान केरल के कुछ मंत्री भी मौजूद थे।
केरल से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने दावा किया कि उनकी बेटी “लव जिहाद” का शिकार हो गई है। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी ने पूरे देश में नाम कमाया है। मैं मुख्यमंत्री मोहन यादव से अनुरोध करता हूं कि मोनालिसा को सुरक्षित मध्यप्रदेश वापस लाया जाए। उसे एक मुस्लिम युवक फरमान खान ने धोखे से फंसाया है।”
जयसिंह भोंसले ने बताया कि उन्हें पता था कि उनकी बेटी फिल्मों में अभिनय करना चाहती है और इसी दिशा में प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया था कि मेरी बेटी दो फिल्मों में अभिनय कर रही है। कुछ लोग उसे अभिनय और नृत्य सिखा रहे थे और भविष्य में फिल्मों में काम दिलाने की बात कर रहे थे, लेकिन मुझे नहीं पता था कि ऐसा कुछ होगा।”
इस बीच हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी समीर माहुले और भूपेंद्र चौहान ने कहा कि मोनालिसा को घर लौटने के लिए समझाने का प्रयास किया जाएगा।
दूसरी ओर, मोनालिसा ने तिरुवनंतपुरम में बृहस्पतिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि उसने अपनी पसंद से और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार फरमान खान से विवाह किया है। उन्होंने इस संबंध को “लव जिहाद” बताने पर आपत्ति जताते हुए इन आरोपों को खारिज कर दिया।
चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी मोनालिसा ने कहा कि उसके माता-पिता चाहते थे कि वह अपनी चाची के बेटे से विवाह करे, लेकिन उसने इसका विरोध किया, जिसके कारण उसके पिता उससे नाराज थे।
