मेधावी छात्र देश के भविष्य निर्माता : केशव प्रसाद मौर्य



लखनऊ, 01 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस अवसर पर माध्यमिक, बेसिक और संस्कृत शिक्षा बोर्ड के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मेधावी छात्र-छात्राओं को मिली स्कूटी, मेडल और प्रशस्ति पत्र

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुए हैं। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का मात्र 15 कार्य दिवसों में सफल आयोजन तथा रिकॉर्ड समय में पारदर्शी ढंग से परिणाम घोषित करना शिक्षा विभाग की बड़ी उपलब्धि है।

कल्याण सिंह के नकलमुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ा रहे संदीप सिंह और गुलाब देवी

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को नकलमुक्त परीक्षा प्रणाली का मजबूत मॉडल दिया था। मौर्य ने कहा कि उनके पौत्र और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह उसी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री गुलाब देवी और संदीप सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने मिलकर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी है।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 41 नए राजकीय इंटर कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जबकि 215 निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मेधावियों के गांवों तक बनेंगे संपर्क मार्ग

मौर्य ने कहा कि उन्होंने स्वयं पहल कर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित कराई है, जिसके तहत प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के नाम पर उनके गांवों तक संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब लोग इन मार्गों से गुजरेंगे तो विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियां पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।

उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को देश का भविष्य निर्माता बताते हुए कहा कि उनकी सफलता न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। सरकार प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाने और उन्हें हर संभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *