निर्माण श्रमिकों के हित में 187 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न

लखनऊ, 15 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, लखनऊ द्वारा निर्माण श्रमिकों के हित में संचालित कन्या विवाह सहायता योजना के तहत लखनऊ मंडल का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अवध शिल्प ग्राम, वृंदावन सेक्टर-09, शहीद पथ, लखनऊ में संपन्न हुआ, जिसमें लखनऊ मंडल के जनपद—लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली और हरदोई के कुल 187 जोड़ों का विधिवत विवाह कराया गया। इनमें 176 हिंदू और 11 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने सभी आगंतुकों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए योजना की महत्ता पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि राज्य सरकार निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कन्या विवाह सहायता योजना श्रमिक परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उन पर पुष्प वर्षा भी की।

कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान करते हुए अंबेडकर नगर के कलाकारों द्वारा पारंपरिक विवाह गीत प्रस्तुत किए गए, जिसने पूरे आयोजन को भावनात्मक और उल्लासपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर सरोजनी नगर क्षेत्र के विधायक राजेश्वर सिंह की प्रतिनिधि भी मौजूद रहीं, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को वस्त्र एवं 501 रुपये की नगद राशि उपहार स्वरूप प्रदान की।

बोर्ड की सचिव पूजा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि इस योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से न केवल आर्थिक सहायता दी जा रही है, बल्कि श्रमिक परिवारों को सम्मानजनक सामाजिक सहयोग भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, डीसी मनरेगा, जिला पूर्ति अधिकारी, पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अपर श्रमायुक्त अनुपमा गौतम सहित सभी जनपदों के सहायक श्रमायुक्त और श्रम प्रवर्तन अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में सभी पात्र नवविवाहित जोड़ों को योजना के तहत 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का प्रमाण पत्र वितरित किया गया। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सहयोग और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम का संचालन विनीता जौहरी द्वारा किया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *