परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, 26 एआरटीओ और 9 आरटीओ के तबादले

लखनऊ, 30 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग में शनिवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। विभाग के विशेष सचिव के.पी. सिंह द्वारा जारी आदेश के तहत 26 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) और 9 संभागीय परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) का स्थानांतरण कर दिया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह बदलाव प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने तथा विभिन्न जिलों में रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से किए गए हैं।

तबादला सूची में सबसे चर्चित बदलाव लखनऊ और आगरा में हुआ है। आगरा के आरटीओ (प्रशासन) अरुण कुमार वार्ष्णेय को लखनऊ का नया आरटीओ (प्रशासन) नियुक्त किया गया है, जबकि लखनऊ में तैनात आरटीओ (प्रशासन) संजय कुमार तिवारी का स्थानांतरण आगरा कर दिया गया है। इसके अलावा लखनऊ परिक्षेत्र में तैनात एआरटीओ (प्राविधिक) हिमांशु जैन को एआरटीओ (प्रशासन) विस्तार पटल, देवा रोड, लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अयोध्या में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अयोध्या के आरटीओ (प्रवर्तन) विश्वजीत प्रताप सिंह को वहीं आरटीओ (प्रशासन) का दायित्व दिया गया है। वहीं गोरखपुर के आरटीओ (प्रवर्तन) संजय कुमार झा को अयोध्या का नया आरटीओ (प्रवर्तन) बनाया गया है। अयोध्या की आरटीओ (प्रशासन) ऋतु सिंह को परिवहन आयुक्त मुख्यालय में सहायक परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा एवं प्रदूषण नियंत्रण) के पद पर तैनात किया गया है। उनकी जगह मुख्यालय में तैनात दिनेश कुमार को आरटीओ (प्रवर्तन) अलीगढ़ भेजा गया है।

अन्य तबादलों में गाजियाबाद प्रवर्तन द्वितीय दल के एआरटीओ मनोज कुमार मिश्रा को गौतमबुद्धनगर, कानपुर देहात की एआरटीओ संगीता यादव को कानपुर नगर तथा मिर्जापुर के एआरटीओ विजय प्रकाश सिंह को प्रयागराज भेजा गया है। श्रावस्ती के एआरटीओ (प्रशासन) विनीत कुमार मिश्र को गाजियाबाद प्रवर्तन चतुर्थ दल तथा बाराबंकी की एआरटीओ (प्रशासन) अंकिता शुक्ला को गाजियाबाद प्रवर्तन द्वितीय दल में नई तैनाती दी गई है।

इसके अलावा कानपुर नगर, प्रयागराज, मिर्जापुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, प्रतापगढ़, बिजनौर, शामली, एटा, मैनपुरी, कुशीनगर और फतेहपुर सहित कई जिलों में अधिकारियों की नई तैनातियां की गई हैं। विभाग का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से प्रवर्तन कार्यों में गति आएगी और परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से लंबित तबादला प्रक्रिया को अब अमल में लाया गया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परिवहन विभाग को उम्मीद है कि नए अधिकारियों की तैनाती से प्रशासनिक व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *