बिहार में तेजस्वी यादव को बड़ा झटका, राजद महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल सैकड़ों कार्यकर्ताओं संग भाजपा में शामिल

पटना, 26 मई 2026। बिहार की राजनीति में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।

पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रितु जायसवाल सहित अन्य नेताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस दौरान राजद महिला मोर्चा भागलपुर की अध्यक्ष सीमा जायसवाल, युवा राजद की प्रदेश सचिव माया गुप्ता समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि बिहार की जनता अब परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति से ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति स्थापित हुई है, जिससे प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता भाजपा से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प है। भाजपा कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

संजय सरावगी ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, मातृत्व योजनाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक काम किए हैं।

इस दौरान उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का दरवाजा अभी बंद है, लेकिन जिस दिन खुल जाएगा, उस दिन उनकी चौखट पर कोई नजर नहीं आएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि कई देशों ने उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है, जिससे भाजपा का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।

भाजपा में शामिल होने के बाद रितु जायसवाल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही महिलाओं, गरीबों और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए ईमानदारी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *