‘डुग डुग’ का ट्रेलर रिलीज: आस्था, रहस्य और व्यंग्य का अनोखा संगम

मुंबई। अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवाने और वासन बाला ने बहुप्रतीक्षित फिल्म डुग डुग का ट्रेलर लॉन्च कर दिया है। डेब्यू निर्देशक ऋत्विक पारेख की यह फिल्म कॉमेडी, मिस्ट्री और व्यंग्य का अनोखा मिश्रण पेश करती है, जो आस्था और तर्क के बीच की बारीक रेखा को रोचक अंदाज में उजागर करती है।

फिल्म की कहानी एक रहस्यमयी घटना के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत के बाद उसकी मोटरसाइकिल अचानक पुलिस स्टेशन से गायब हो जाती है और फिर उसी स्थान पर मिलती है, जहां उसकी मृत्यु हुई थी। इस अजीब घटनाक्रम के बाद गांव में उस बाइक को चमत्कारी मान लिया जाता है। लोगों के बीच यह विश्वास फैल जाता है कि बाइक के सामने प्रार्थना करने और शराब चढ़ाने से उनकी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं।

ट्रेलर की शुरुआत एक प्रभावशाली संवाद से होती है—“ना जाने भगवान भी कौन-कौन से खेल खेलता है।” इसके बाद कहानी धीरे-धीरे रहस्य और व्यंग्य के रंग में ढलती जाती है, जहां एक साधारण घटना आस्था के बड़े रूप में बदलती दिखती है। जैसे-जैसे लोगों की इच्छाएं पूरी होने लगती हैं, यह विश्वास एक बड़े और व्यावसायिक धर्म का रूप लेने लगता है।

फिल्म की सिनेमैटोग्राफी आदित्य एस. कुमार ने संभाली है, जो ट्रेलर में अपने ट्रिपी और विजुअली आकर्षक अंदाज से कहानी को और भी प्रभावशाली बनाती है। फिल्म का निर्माण बॉटल रॉकेट पिक्चर्स के बैनर तले प्रेरणा पारेख और ऋत्विक पारेख ने किया है, जबकि रंजन सिंह की फ्लिप फिल्म्स इसके वितरण में सहयोग कर रही है।

डुग डुग का प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हो चुका है। इसके अलावा फिल्म को सांता बारबरा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ लॉस एंजिल्स, मामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल और इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ केरल समेत कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सराहा जा चुका है।

फिल्म में अल्ताफ खान, गौरव सोनी, योगेंद्र सिंह और दुर्गा लाल सैनी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 8 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *