‘चिंता मत करें, सबकी समस्या पर होगी प्रभावी कार्रवाई’: गोरखपुर में जनता दर्शन में बोले सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए। जमीन कब्जा, अपराध और इलाज के लिए आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर विशेष कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला में गोसेवा कर गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया।

गोरखपुर, 24 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “चिंता मत करें, सबकी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।”

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे, एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं और प्रार्थना पत्र प्राप्त किए। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सभी मामलों का निष्पक्ष, समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जमीन पर अवैध कब्जे और अपराध से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के प्रार्थना पत्रों पर अस्पतालों से शीघ्र इस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इस्टीमेट प्राप्त होते ही सरकार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।

जनता दर्शन में आई कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया, उन्हें चॉकलेट दी और आशीर्वाद दिया।

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गायों और नंदी को अपने हाथों से गुड़ खिलाया तथा गोशाला के कर्मचारियों को गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *