उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ऑनलाइन जनगणना के प्रथम चरण को किया पूर्ण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग पर ऑनलाइन माध्यम से जनगणना प्रक्रिया के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारभूत प्रक्रिया है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े ही प्रभावी नीतियों और योजनाओं का आधार बनते हैं।

उन्होंने कहा, “जनगणना के माध्यम से देश की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति और विभिन्न आवश्यकताओं का सही आकलन किया जाता है। इससे सरकार को योजनाएं बनाने और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता मिलती है।”

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की महत्वपूर्ण सहभागिता का माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ऑनलाइन जनगणना के प्रथम चरण में स्वयं भाग लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उपमुख्यमंत्री ने नागरिकों से सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य की “डबल इंजन सरकार” देश और प्रदेश को सशक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

श्री मौर्य ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जागरूक जनता जनगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगी।

इस अवसर पर शीतल वर्मा, गौरव कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *