गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, महंगाई के खिलाफ की नारेबाजी

उन्नाव, 07 जून 2026 (यूएनएस)। घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्नाव में प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष पुत्तीलाल वर्मा के नेतृत्व में गंगाघाट कोतवाली के सामने आयोजित प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा बढ़ती महंगाई को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता का रसोई बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है और गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

नगर अध्यक्ष पुत्तीलाल वर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय घरेलू गैस सिलेंडर लगभग 450 रुपये में उपलब्ध था, जबकि पिछले 12 वर्षों में इसकी कीमतों में कई गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत देने और आम जनता की परेशानियों को समझने की मांग की।

नगर उपाध्यक्ष जयपाल साहू ने कहा कि महंगाई ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के कारण परिवारों के लिए घरेलू खर्च का संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो जनता इसका जवाब देगी।

नगर महामंत्री रवि शंकर गुप्ता ने कहा कि पहले पेट्रोल और गैस की कीमतों में वृद्धि पर सरकारों से जवाब मांगा जाता था, लेकिन अब बढ़ती महंगाई की जिम्मेदारी जनता पर ही डालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई डायन हाय-हाय” सहित विभिन्न नारे लगाए और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी करने की मांग उठाई। कार्यक्रम में शंकर गुप्ता, मुन्ना सोनी, गणेश वर्मा, राजेश रावत, श्वेता, हेमलता, यश, ज्योति, माला जौहरी, पुष्पा गौतम सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई का मुद्दा सीधे आम जनता के जीवन से जुड़ा है और सरकार को इस दिशा में शीघ्र राहतकारी कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *