पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए उन पर तंज भी कसा और राज्य की मौजूदा चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
तेजस्वी यादव ने बुधवार को जारी अपने बयान में कहा कि निर्वाचित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पद से हटाने की प्रतिज्ञा पूरी करने पर बधाई तथा सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए मुख्यमंत्री राज्य की वास्तविक स्थिति से भली-भांति परिचित होंगे।
उन्होंने कहा कि 21 वर्षों के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन के बावजूद बिहार आज भी कई महत्वपूर्ण मानकों पर राष्ट्रीय औसत से पीछे है। नीति आयोग के सूचकांकों, सतत विकास लक्ष्यों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, विधि-व्यवस्था, आय और निवेश जैसे क्षेत्रों में राज्य को अभी लंबा रास्ता तय करना है।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि रोजगार, गरीबी, पलायन और मानव विकास जैसे मुद्दे भी गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए मुख्यमंत्री बिहार की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कदम उठाएंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि राज्य के विकास के साथ-साथ बिहारियों के स्वाभिमान की रक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने नए मुख्यमंत्री से अपेक्षा जताई कि वे किसी भी बाहरी दबाव के आगे झुकने के बजाय राज्यहित को प्राथमिकता देंगे।
अंत में तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को पुनः शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
