नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के आयात पर लगने वाले शुल्क में बड़ा इजाफा कर दिया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को जारी अधिसूचना में सोने और चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने की घोषणा की। नई दरें 13 मई 2026 से लागू हो गई हैं। इस फैसले के बाद देश में सोना-चांदी खरीदना और महंगा हो सकता है।
सोने पर कुल आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हुआ, 13 मई 2026 से लागू नई दरों का ग्राहकों और सर्राफा बाजार पर पड़ेगा सीधा असर
सरकार के नए फैसले के अनुसार सोने पर कुल आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है। इसमें बेसिक कस्टम ड्यूटी 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत की गई है, जबकि कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर (एआईडीसी) 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है।
संयुक्त अरब अमीरात से कोटा व्यवस्था के तहत आने वाले सोने पर भी रियायती आयात शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। इससे वहां से आयात होने वाला सोना भी महंगा पड़ेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि आयात शुल्क बढ़ने से सर्राफा कारोबारियों और ज्वेलर्स के लिए सोना मंगाना महंगा हो जाएगा, जिसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा। आने वाले दिनों में सोने और चांदी के गहनों की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
इस फैसले का असर उन उद्योगों पर भी पड़ेगा जो कीमती धातुओं का उपयोग औद्योगिक कार्यों और रिसाइक्लिंग में करते हैं। उत्पादन लागत बढ़ने से कई उत्पाद महंगे हो सकते हैं।
आंकड़ों के अनुसार भारत में सोने के आयात में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2025-26 में देश का स्वर्ण आयात 24 प्रतिशत से अधिक बढ़कर रिकॉर्ड 71.98 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि 2024-25 में यह 58 अरब डॉलर था। इससे पहले 2023-24 में यह 45.54 अरब डॉलर और 2022-23 में 35 अरब डॉलर रहा था।
हालांकि मात्रा के हिसाब से सोने का आयात 4.76 प्रतिशत घटकर 721.03 टन रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 757.09 टन था। भारत, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्वर्ण उपभोक्ता देश है।
देश के कुल आयात में सोने की हिस्सेदारी 9 प्रतिशत से अधिक है। वर्ष 2025-26 में भारत का कुल आयात 775 अरब डॉलर रहा। भारत सबसे अधिक सोना स्विट्जरलैंड से आयात करता है, जिसकी हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात और दक्षिण अफ्रीका का स्थान आता है।
गौरतलब है कि जुलाई 2024 के केंद्रीय बजट में सरकार ने सोने पर कुल आयात शुल्क 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया था। उस समय बेसिक कस्टम ड्यूटी 10 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत और एआईडीसी 5 प्रतिशत से घटाकर 1 प्रतिशत किया गया था।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से किफायत बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से फिलहाल सोना खरीदने, विदेशी यात्राओं और पेट्रोल-डीजल की खपत को कम करने का आग्रह किया है, ताकि देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम किया जा सके।
