लखनऊ में दिनदहाड़े बिल्डर की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश बदमाश सीसीटीवी में कैद

लखनऊ, 27 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने बिल्डर संदीप सिंह की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब संदीप सिंह अपनी कार से उतरकर ऑफिस जा रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

मूल रूप से जौनपुर जिले के सिकरारा टिकारी गांव निवासी 45 वर्षीय संदीप सिंह लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। उनकी पीएसएस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से फर्म थी, जिसका कार्यालय कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास स्थित मार्केट में है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर संदीप सिंह अपने चालक प्रदीप के साथ कार से कार्यालय पहुंचे थे। जैसे ही वह कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़े, उसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा, जबकि दूसरा नीचे उतरा और संदीप पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोली लगते ही संदीप सिंह जमीन पर गिर पड़े। चालक प्रदीप और आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार एक गोली पेट में, दूसरी गले में लगी, जबकि तीसरी गोली सिर को छूते हुए निकल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद, एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव और पीजीआई थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली है।

पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रीति सिंह की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस रुपये के लेन-देन, प्रॉपर्टी विवाद और अन्य व्यक्तिगत रंजिशों के पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि हमलावर सीसीटीवी फुटेज में नजर आए हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी ने संदीप के एक करीबी सहयोगी पर भी शक जाहिर किया है, जिस बिंदु पर भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *