लखनऊ, 09 जुलाई। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा का चुनाव होगा।
बुधवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय स्थित लोहिया सभागार में नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा है, दवाइयों और चिकित्सकों की कमी बनी हुई है तथा आम लोग इलाज के लिए भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
मेरठ की घटना पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मेरठ में पुलिस की कथित बर्बर कार्रवाई यह दर्शाती है कि सरकार पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों पर अत्याचार हो रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार तथा किसानों और युवाओं की समस्याओं के प्रति सरकार असंवेदनशील बनी हुई है।
2027 में बदलाव का दावा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के अन्याय और अत्याचार का अंत निकट है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी और प्रदेश से राजनीतिक बदलाव की शुरुआत होगी।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर भाजपा पर निशाना
अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण ने भाजपा का वास्तविक चेहरा उजागर कर दिया है। कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को अपना नाम बदलकर “भाचपा (भारतीय चोर पार्टी)” रख लेना चाहिए, क्योंकि भगवान के नाम पर भी भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं।
महिला आरक्षण पर भी रखी पार्टी की राय
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शुरू से ही महिला आरक्षण की समर्थक रही है, लेकिन इसे जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं से जोड़कर लागू करने में देरी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार बिना किसी अनावश्यक विलंब के मिलना चाहिए।
कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश
अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य 2027 में सरकार बनाकर उत्तर प्रदेश में संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और विकास की नई शुरुआत करना है।
