बांदा-बबेरू को 710 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात, विकास विरोधी सोच को जनता करे खारिज: योगी

मुख्यमंत्री बोले- बुंदेलखंड अब डकैतों और पलायन की नहीं, विकास, निवेश और रोजगार की पहचान बन रहा है

लखनऊ/बांदा, 09 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों के लिए 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को नकारात्मक और विकास विरोधी सोच रखने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से खारिज करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल भारत की विरासत, सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का सम्मान करने के बजाय उनका विरोध करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार जहां मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास तथा धामों के सुंदरीकरण पर कार्य कर रही है, वहीं पूर्ववर्ती सरकारों की प्राथमिकताएं अलग थीं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थलों का विकास प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है।

बुंदेलखंड की बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने वर्ष 2017 में पदभार संभाला तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सबसे पहले बुंदेलखंड का दौरा करने और क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि उस समय बुंदेलखंड पिछड़ेपन, पलायन, पेयजल संकट, डकैतों, भूमाफिया और अव्यवस्था का पर्याय बन चुका था। किसानों में भय का माहौल था और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब बुंदेलखंड में बेहतर सड़क संपर्क, सिंचाई, पेयजल, सुरक्षा, मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक संस्थान और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास और विरासत संरक्षण से जुड़े हर प्रस्ताव पर सरकार गंभीरता से काम करेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों के लिए 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों के लिए 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

डबल इंजन सरकार से विकास को मिली गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद बुंदेलखंड के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्र में कनेक्टिविटी, हर खेत को पानी, युवाओं को रोजगार और आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड अब डकैत, माफिया, कर्फ्यू और दंगों की पहचान से बाहर निकलकर विकास और निवेश का केंद्र बन रहा है। प्रदेश सरकार यहां औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) के माध्यम से प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर विकसित कर रही है।

एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने युवाओं को अवसर देने के बजाय कानून-व्यवस्था बिगड़ने दी, जबकि वर्तमान सरकार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं शुरू कीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल देश की रक्षा क्षमता को मजबूत कर रही है और बुंदेलखंड इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।

माफियाओं पर कार्रवाई का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद अवैध स्लॉटर हाउस बंद कराने और भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने दावा किया कि माफियाओं से लगभग 64 हजार एकड़ सरकारी भूमि मुक्त कराई गई, जिस पर अब निवेश और विकास कार्य हो रहे हैं तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।

‘शजर’ पत्थर और स्थानीय उत्पादों की सराहना

मुख्यमंत्री ने बांदा के प्रसिद्ध ‘शजर’ पत्थर की सराहना करते हुए कहा कि यह अब देश-विदेश में अपनी विशेष पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के माध्यम से प्रत्येक जिले की विशिष्ट पहचान को बढ़ावा दे रही है और एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधायक ओममणि वर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी, जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मालती गुप्ता ‘बासू’, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *