आशुतोष महाराज ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के खिलाफ लखनऊ पुलिस में दी शिकायत

लखनऊ, 15 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। धार्मिक नेता आशुतोष महाराज ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के खिलाफ लखनऊ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी और पूरे मामले की जांच की मांग की।

आशुतोष महाराज ने आरोप लगाया कि ब्रजेश पाठक ने उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं और सनातन परंपरा को नुकसान पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पहले ब्राह्मण समाज को कमजोर किया गया और अब संतों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का समर्थन करते हैं और इस मामले में न्याय की मांग करेंगे।

उन्होंने प्रयागराज के माघ मेले से जुड़े एक कथित षड्यंत्र का जिक्र करते हुए कहा कि शंकराचार्य को लखनऊ से फोन कर धरना देने के लिए उकसाया गया था। आशुतोष महाराज के अनुसार, यह फोन चंद्र प्रकाश उपाध्याय के नंबर से किया गया था। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कॉल डिटेल की जांच की मांग की।

आशुतोष महाराज ने यह भी आरोप लगाया कि शुरुआत में पुलिस ने उनकी शिकायत लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वह उच्च अधिकारियों के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस उपायुक्त ने जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला दर्ज किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी आशुतोष महाराज ने बिना नाम लिए ब्रजेश पाठक पर माघ मेले में साजिश रचने का आरोप लगाया था। 18 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य के एक शिष्य के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई थी। इस पर बाद में ब्रजेश पाठक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि इस प्रकार की घटना नहीं होनी चाहिए थी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *