उत्तर भारत में सर्दी का कहर, कोहरा और बर्फबारी से प्रभावित जनजीवन

Winter's fury in North India: fog and snowfall....

नई दिल्ली, 20 दिसंबर  – देश के उत्तरी राज्यों में सर्दी और कोहरे ने शनिवार को जनजीवन प्रभावित कर दिया। राजधानी दिल्ली में शीतलहर के बीच वायु गुणवत्ता बिगड़ गई और घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई। दिल्ली हवाई अड्डे पर कम से कम 129 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, बरेली, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा सहित कई जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से कम रह गई। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि 22 दिसंबर तक घना कोहरा और ठंड जारी रह सकती है।

कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी का अनुमान
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। कश्मीर में पुलवामा सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि ‘चिल्ला-ए-कलां’ यानी 40 दिन की कड़कड़ाती सर्दी 21 दिसंबर से शुरू हो रही है। इस दौरान घाटी में तापमान में भारी गिरावट आती है और बर्फबारी की संभावना अधिक रहती है।

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और मंडी जिलों में घना कोहरा और ठंड के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सोलन में दिन का तापमान अधिकतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में ठंड जारी
पंजाब में फरीदकोट 4.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। हरियाणा के जींद में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के सीकर, अलवर, करौली और दौसा में तापमान में भारी गिरावट देखी गई।

झारखंड में कोहरे का अलर्ट
झारखंड में रांची, लोहरदगा और लातेहार में घना कोहरा और ठंड के कारण ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिम बंगाल में मौसम शुष्क
पश्चिम बंगाल में अगले पांच दिनों तक शुष्क मौसम रहने और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने और यात्रा में सतर्क रहने का आग्रह किया है, क्योंकि घना कोहरा सड़क, रेल और हवाई यातायात को बाधित कर सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *