टाइम्स ऑफ इंडिया व डीडी-एआईआर एकादश सेमीफाइनल में

एसबीआई कप एलएमपीएल 2025: तीसरी जीत के साथ शीर्ष पर पहुंचीं दोनों टीमें

लखनऊ, 17 दिसंबर।
एसबीआई कप लखनऊ मीडिया प्रीमियर लीग (एलएमपीएल) 2025 में बुधवार को लीग चरण के अंतिम दिन टाइम्स ऑफ इंडिया और डीडी-एआईआर एकादश ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। लखनऊ स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एलएसजेए) के तत्वावधान और कैवेल्य कम्युनिकेशंस के सह-तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने लीग के सभी मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में टाइम्स ऑफ इंडिया ने कम्बाइंड मीडिया (एलडब्लूजेयू) एकादश को 80 रन से पराजित किया। टाइम्स ऑफ इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 6 विकेट पर 163 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच ऋषि सिंह सेंगर ने 40 गेंदों पर 61 रन की शानदार पारी खेली, जबकि देवेश पाण्डेय ने 33 गेंदों में 51 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में कम्बाइंड मीडिया की टीम दबाव में बिखर गई और 83 रन ही बना सकी। टाइम्स ऑफ इंडिया की ओर से अनिल मिश्रा ने तीन और इश्तियाक रजा ने दो विकेट झटके।

दिन के दूसरे मैच में डीडी-एआईआर एकादश ने दैनिक जागरण को 6 विकेट से हराया। दैनिक जागरण ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 100 रन बनाए, जिसमें विमलेश कुमार (नाबाद 35) और अंकुर दीक्षित (नाबाद 33) का योगदान अहम रहा। जवाब में डीडी-एआईआर ने 12.1 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शादाब आलम (नाबाद 30) और सुधीर अवस्थी (20) ने संकट के समय टीम को जीत दिलाई। इस मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विमलेश कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

अंक तालिका के अनुसार पूल ए में डीडी-एआईआर एकादश ने तीनों मैच जीतकर 6 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। पूल बी में टाइम्स ऑफ इंडिया 6 अंक के साथ शीर्ष पर रही और एलएसजेए एकादश ने चार अंकों के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल मुकाबले (18 दिसंबर):

एलएसजेए एकादश बनाम डीडी-एआईआर एकादश – केडी सिंह बाबू स्टेडियम, सुबह 10 बजे

टाइम्स ऑफ इंडिया बनाम इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश – चौक स्टेडियम, सुबह 10 बजे

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *