राजनाथ सिंह: भ्रष्टाचार भाषण से नहीं, व्यवस्था बदलकर ही खत्म हो सकता है

लखनऊ, 15 नवंबर : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि देश में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का श्रेय केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार का खात्मा भाषणों से नहीं, बल्कि प्रणालीगत बदलाव और सख्त उपायों के माध्यम से ही संभव है, और मोदी ने इसे व्यवहार में लागू करके दिखाया।

सदर छावनी स्थित संस्कृत विद्यालय के सभागार में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, “भ्रष्टाचार खत्म करने की बातें सब करते हैं, लेकिन इसे रोकने के लिए वास्तविक प्रयास किसी ने किया तो केवल प्रधानमंत्री मोदी ने। उन्होंने व्यवस्था में बदलाव करके जनता के विश्वास को मजबूत किया।”

बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि यह भारतीय राजनीति में बड़े बदलाव की पहचान है। उन्होंने कहा, “भाजपा जाति, पंथ या धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती, हम देश की सुरक्षा, गौरव, संस्कृति और विकास कार्यों के लिए राजनीति करते हैं।”

सिंह ने दावा किया कि जनता ने बिहार की सरकार में भ्रष्टाचार न होने को देखा और इसी भरोसे के कारण राजग को प्रचंड बहुमत दिया। उन्होंने कहा, “पूर्ववर्ती सरकारों में दी जाने वाली सहायता राशि पूरी तरह लाभार्थियों तक नहीं पहुंचती थी और 100 में से लगभग 85 रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। हमारी सरकार ने प्रत्येक व्यक्ति के खाते को सीधे जोड़कर यह सुनिश्चित किया कि 100 का 100 पैसा लाभार्थी तक पहुंचे।”

रक्षा मंत्री ने देश में निर्मित मिसाइल और हथियारों की वैश्विक मांग का उल्लेख करते हुए आॅपरेशन सिंदूर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “जिस ब्रह्मोस मिसाइल ने आॅपरेशन सिंदूर में करिश्मा दिखाया, वह हमारे लखनऊ में बनी है।”

सदर छावनी में छावनी विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे : https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *