बिहार में राहुल गांधी की ‘दुकान’ बंद होगी, इंडिया गठबंधन का होगा सफाया : अमित शाह

पूर्णिया/कटिहार/सुपौल, 8 नवंबर (भाषा): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन का पूरी तरह सफाया होगा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 243 सदस्यीय विधानसभा में 160 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगा।

शाह ने रैलियों में कहा, “राहुल गांधी की दुकान अब बिहार में बंद होने वाली है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल और तेजस्वी सीमांचल क्षेत्र को “घुसपैठियों का गढ़” बनाने के प्रयास में हैं। शाह ने मतदाताओं से अपील की कि अगर वे नहीं चाहते कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री घुसपैठियों द्वारा तय हो, तो राजद-कांग्रेस गठबंधन को हराएं।

उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू प्रसाद और सोनिया गांधी केवल अपने बेटों की चिंता में हैं और दो दशक पहले राजद शासन के दौरान बिहार हत्याओं, बलात्कारों, नरसंहार और अराजकता का शिकार था। शाह ने दावा किया कि राजग ही राज्य में विकास और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।

केंद्रीय मंत्री ने बिहार के विकास संबंधी कई वादे भी किए। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम रिफाइनरी और अन्य औद्योगिक परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, बंद चीनी मिलें फिर से चालू होंगी, और नेपाल की नदियों का पानी किसानों की सिंचाई में इस्तेमाल होगा। शाह ने मिथिलांचल के मखाने को बढ़ावा देने के लिए ‘मखाना बोर्ड’ बनाने और इसे विदेशों में निर्यात करने की योजना का भी उल्लेख किया।

उन्होंने धार्मिक पर्यटन पर जोर देते हुए कहा कि बिहार को रामायण सर्किट से जोड़कर तीर्थस्थलों का विकास किया जाएगा और सीतामढ़ी में 850 करोड़ रुपए की लागत से भव्य सीता मंदिर का निर्माण किया जाएगा।

शाह ने सामाजिक कल्याण योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘जीविका दीदियों’ के खातों में 10,000 रुपए जमा किए गए हैं और इसे अगले दो वर्षों में बढ़ाकर दो लाख रुपए किया जाएगा। किसानों को दी जाने वाली वार्षिक राशि 6,000 रुपए से बढ़ाकर 9,000 रुपए की जाएगी।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासन और प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार रहित कार्यों का दावा करते हुए जनता से राजग के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे :- https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *