ट्रंप द्वारा 100 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने पर चीन भड़का, अमेरिका पर लगाए दोहरे मापदंड के आरोप

बीजिंग/वॉशिंगटन: अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध एक बार फिर उग्र हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीन से आयातित सभी उत्पादों पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद चीन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। चीन ने अमेरिका पर “दोहरे मापदंड” अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह कदम न केवल चीन के आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचाएगा, बल्कि दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को भी गहरा आघात देगा।

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने एक बयान जारी कर ट्रंप प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा, “अमेरिका का यह रवैया उसके दोहरे मापदंड को उजागर करता है। भारी टैरिफ लगाकर बातचीत का माहौल बनाना संभव नहीं है।” मंत्रालय ने चेतावनी दी कि यह कदम वैश्विक व्यापार प्रणाली को भी अस्थिर कर सकता है।

ट्रंप की घोषणा के अनुसार, 1 नवंबर से चीन से अमेरिका आने वाले सभी उत्पादों पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लागू होंगे। पहले से ही 30 प्रतिशत टैरिफ के साथ यह कुल दर 130 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। साथ ही ट्रंप ने अमेरिका में निर्मित सभी महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर के निर्यात पर भी नियंत्रण की बात कही है। यह कदम तकनीकी क्षेत्र में चीन की बढ़ती हिस्सेदारी को रोकने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

इस फैसले की पृष्ठभूमि में चीन द्वारा रेयर अर्थ मिनरल्स के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा है। चीन ने हाल ही में कहा था कि वह 1 नवंबर से इन दुर्लभ खनिजों के निर्यात पर सख्त पाबंदी लगाएगा। ये मिनरल्स स्मार्टफोन, इलेक्ट्रिक वाहनों, रक्षा उपकरणों और अत्याधुनिक तकनीकों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि चीन का यह कदम “आक्रामक और रणनीतिक” है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर चीन पर तीखा हमला करते हुए लिखा, “चीन का यह फैसला अंतरराष्ट्रीय व्यापार का अपमान है। यह कदम पहले से सोची-समझी रणनीति का हिस्सा लगता है और इससे सभी देश प्रभावित होंगे।” उन्होंने चीन पर “दुनिया को चेतावनी भरा पत्र” भेजने का भी आरोप लगाया।

विश्लेषकों का मानना है कि यह टकराव आने वाले महीनों में और भी गहरा हो सकता है, जिससे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं और बाजारों पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है। अब देखना यह है कि दोनों देश बातचीत की ओर बढ़ते हैं या व्यापार युद्ध नई ऊंचाई तक पहुंचता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *