संवाददाता, लखनऊ। मंगलवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में महिला प्रकोष्ठ की नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती शालिनी सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में श्रीमती सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात पार्टी कार्यालय स्थित सभागार में रालोद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में उन्हें माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, रालोद के राष्ट्रीय सचिव श्री अनुपम मिश्रा ने शालिनी सिंह को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी तथा पार्टी को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

समारोह में रालोद प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्री अंबुज पटेल, प्रदेश महासचिव श्रीमती रमावती तिवारी, प्रदेश महासचिव श्री शैलेष सिंह, प्रोफेशनल मंच के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सर्वेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
शैलेष सिंह बने रालोद प्रोफेशनल मंच के प्रदेश महासचिव
इसी कार्यक्रम के दौरान रालोद प्रोफेशनल मंच के अध्यक्ष श्री अंबुज पटेल ने घोषणा की कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयंत चौधरी के निर्देश, प्रोफेशनल मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रविकांत चड्ढा और प्रदेश अध्यक्ष श्री रामाशीष राय की सहमति से अधिवक्ता श्री शैलेष कुमार सिंह को रालोद प्रोफेशनल मंच का प्रदेश महासचिव मनोनीत किया गया है।

इस घोषणा के साथ ही उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शैलेष सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय सचिव श्री अनुपम मिश्रा ने उनके मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि वे संगठन की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
शैलेष सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयंत चौधरी सहित सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए कार्य करेंगे और हर मोर्चे पर पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
