35 साल पुराना कांग्रेस से नाता टूटा, एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह ने दिया इस्तीफा

लखनऊ, 09 जुलाई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य अशोक सिंह ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। करीब 35 वर्षों तक पार्टी से जुड़े रहे अशोक सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति की कार्रवाई पर नाराजगी जताई है।

अशोक सिंह ने अपने इस्तीफे में कहा कि 4 जुलाई को उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि यही नोटिस उनके इस्तीफे का प्रमुख कारण बना।

उन्होंने लिखा कि वह पिछले 35 वर्षों से कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और लगभग 20 वर्षों तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य के रूप में संगठन की विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन मंत्री तथा लंबे समय तक प्रदेश प्रवक्ता के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।

अशोक सिंह ने कहा कि उन्होंने एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए तीन दशक से अधिक समय तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की सेवा की। इसके बावजूद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने से वे गहरे आहत हुए हैं।

उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।

अशोक सिंह ने अपने इस्तीफे की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव तथा प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति को भी भेजी है।

अशोक सिंह के इस्तीफे को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से उनके इस्तीफे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *