वाराणसी: दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना में वीडीए की बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध भवन ध्वस्त; अब तक करीब 170 निर्माण हटाए गए

वाराणसी: दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना में वीडीए की बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध भवन ध्वस्त; अब तक करीब 170 निर्माण हटाए गए

वाराणसी, 06 जुलाई (यूएनएस)। वाराणसी के बहुप्रतीक्षित दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने एक बार फिर ध्वस्तीकरण अभियान चलाते हुए तीन अवैध घोषित भवनों को पोकलैंड मशीन की मदद से गिरा दिया। प्रशासन के अनुसार संबंधित भवन स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर भवन खाली करने के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई से पहले रविवार को क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई थी।

प्रशासन के मुताबिक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भवन संख्या सीके-42/105, सीके-40/73 और सीके-43/148 पर की गई। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार सुबह भवन खाली कराए गए और इसके लगभग आधे घंटे बाद पोकलैंड मशीनों से ध्वस्तीकरण शुरू किया गया। करीब दो घंटे के भीतर तीनों भवनों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर एडीएम सिटी राजेश कुमार, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

अब तक करीब 170 भवनों पर कार्रवाई

परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत अब तक लगभग 170 भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है। कई भवनों को पहले आंशिक रूप से हटाया गया था, जिन्हें अब मशीनों की मदद से पूरी तरह हटाया जा रहा है। अभियान में पोकलैंड मशीनों के साथ कई जेसीबी मशीनें भी लगातार लगाई गई हैं।

ध्वस्तीकरण के साथ-साथ मलबा हटाने का कार्य भी तेज गति से चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि रात के समय भी मलबा हटाकर मार्ग को साफ किया जा रहा है, ताकि आगे के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

पांच मस्जिदों पर भी सहमति के बाद कार्रवाई

परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार चौड़ीकरण की जद में आने वाले पांच मस्जिद परिसरों के प्रभावित हिस्सों को संबंधित पक्षों की सहमति तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाने की कार्रवाई भी जारी है। प्रशासन का कहना है कि जहां भी आवश्यक हुआ है, वहां नियमानुसार क्षतिपूर्ति और अन्य वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

जुलाई तक फेंसिंग, अगस्त से सड़क निर्माण का लक्ष्य

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार परियोजना का लक्ष्य जुलाई के भीतर प्रभावित क्षेत्र का ध्वस्तीकरण पूरा कर फेंसिंग का कार्य समाप्त करना है। इसके बाद अगस्त से सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग ने सड़क निर्माण का कार्य लगभग एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

काशी विश्वनाथ धाम तक बेहतर होगा आवागमन

दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना पूरी होने के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने के लिए एक नया, चौड़ा और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। प्रशासन का मानना है कि इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी, जबकि आपातकालीन सेवाओं की पहुंच भी पहले की तुलना में अधिक बेहतर होगी। इसके साथ ही पुराने शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और बढ़ते पर्यटक एवं श्रद्धालु दबाव को संभालने में भी इस परियोजना की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *